:: चढ़दी कला ट्रॉफी में सेवा इलेवन 9 विकेट से परास्त, चौके-छक्कों पर जमकर गूंजे ढोल-ढमाके :: इंदौर (ईएमएस)। विष्णुपुरी के सचखंड मार्ग स्थित श्री गुरु अरजन देव खेल मैदान पर खेली जा रही चढ़दी कला ट्रॉफी सिख प्रीमियर लीग क्रिकेट स्पर्धा का रोमांच प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। खिलाड़ियों की उम्दा पारियों और बेहतरीन प्रदर्शन से मैदान पर जबरदस्त उत्साह का माहौल है। टूर्नामेंट के आठवें दिन खेले गए मुकाबले में बब्बर शेर इलेवन ने प्रिंस ठक्कर और कपिल सिंह की आतिशी पारियों के दम पर सेवा इलेवन को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। हर चौके-छक्के पर बज रहे जोरदार ढोल-ढमाकों के बीच मैच देखने बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मैदान पर पहुंच रहे हैं। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सेवा इलेवन ने निर्धारित 8 ओवर में 9 विकेट खोकर 71 रनों का स्कोर खड़ा किया था। टीम की ओर से कुलविंदर सिंह गिल ने 25 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि नरेंद्र सिंह ने 18 और अभजोत सिंह ने 10 रन बनाए। बब्बर शेर इलेवन के गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के आगे सेवा इलेवन के अन्य बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके। संक्षिप्त स्कोर के अंतर्गत सेवा इलेवन ने 8 ओवर में 9 विकेट पर 71 रन बनाए, जिसके जवाब में बब्बर शेर इलेवन ने 5.1 ओवर में 1 विकेट पर 76 रन बनाकर एकतरफा जीत दर्ज की। 72 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बब्बर शेर इलेवन ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और महज 31 गेंदों में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। विजेता टीम के प्रिंस ठक्कर ने 20 गेंदों में 34 रन और कपिल सिंह ने मात्र 8 गेंदों में धुआंधार 26 रनों की पारी खेली। दोनों ही बल्लेबाजों ने अपनी पारियों में 4-4 गगनचुंबी छक्के जड़े, जिन्हें देखकर दर्शक दीर्घा में बैठा हर कोई झूम उठा। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए एसीपी विजय चौधरी, विवेक शर्मा, लकी छाबड़ा, राजू चावला, सोनू खालसा, जसबीर सिंह, बंटी छाबड़ा, सुरेंद्र सिंह, गुरनीत सिंह और पूनम मौर्य खेल मैदान पर पहुंचे। इस अवसर पर अमरजीत सिंह बग्गा व प्रीतपाल सिंह भाटिया भी विशेष रूप से उपस्थित थे। मैच की शुरुआत में आए हुए सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत हरपाल सिंह भाटिया, चरणजीत सिंह सैनी, हरप्रीत सिंह बक्शी, अमरजीत सिंह भाटिया और सुखजिंदर चहल ने किया। प्रकाश/28 मई 2026