राज्य
28-May-2026


हाथरस (ईएमएस)। जनपद की राजनीति में उस समय बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब उत्तर प्रदेश कैडर के 2013 बैच के पूर्व आईपीएस अधिकारी आदित्य वर्मा ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की सदस्यता ग्रहण कर ली। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई।पूर्व आईपीएस अधिकारी के इस फैसले के बाद हाथरस समेत आसपास के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। आदित्य वर्मा लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पुलिस सेवा से सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेते हुए लोगों से सीधा संवाद कायम रखा।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आदित्य वर्मा के पार्टी में शामिल होने से आजाद समाज पार्टी को हाथरस और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक मजबूती मिल सकती है। प्रशासनिक अनुभव और जमीनी सक्रियता के चलते उन्हें संगठन में अहम जिम्मेदारी भी मिल सकती है।जनपद में लगातार बढ़ रही राजनीतिक गतिविधियों के बीच पूर्व आईपीएस अधिकारी का सक्रिय राजनीति में प्रवेश आगामी चुनावों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार उनकी एंट्री से स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ सकता है और आने वाले विधानसभा एवं अन्य चुनावों में इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है।वहीं आजाद समाज पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने जनाधार को मजबूत करने की रणनीति पर लगातार काम कर रही है। ऐसे में प्रशासनिक पृष्ठभूमि वाले चेहरे के पार्टी से जुड़ने को संगठन की रणनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 28 मई 2026