28-May-2026
...


- ग्राम नाटा में पेयजल संकट पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई बालाघाट (ईएमएस). जिले के परसवाड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम नाटा में पेयजल संकट की खबर सामने आते ही जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मौके पर निरीक्षण कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए। वृद्ध बैगा महिला के घर का हैंडपंप सुधारने के साथ ही नल-जल योजना बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। विगत दिनों सोशल मीडिया एवं समाचार माध्यमों में ग्राम नाटा (पंडाटोला) में पेयजल संकट तथा विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय की वृद्ध महिला लालती बाई मेरावी को पानी की समस्या होने संबंधी खबर प्रमुखता से सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। 27 मई को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) परसवाड़ा श्रीष प्यासी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ, उपयंत्री एवं तकनीकी अमले ने ग्राम नाटा का संयुक्त आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पेयजल व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा कर मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए। हैंडपंप की तत्काल मरम्मत निरीक्षण में पाया गया कि लालती बाई मेरावी के घर के सामने स्थित हैंडपंप तकनीकी खराबी के कारण बंद था। पीएचई विभाग की टीम ने तत्काल मरम्मत कर उसे चालू कर दिया, जिससे अब वहां नियमित जल आपूर्ति हो रही है। तल शोधन यंत्र की मोटर हुई चोरी संयुक्त निरीक्षण में सामने आया कि पंडा टोला में जल-शोधन योजना की मोटर चोरी हो जाने तथा बीजा टोला में नए ट्यूबवेल में मोटर स्थापित नहीं होने से नल-जल योजना प्रभावित थी। प्रशासन ने संबंधित ठेकेदार को दो दिनों के भीतर मोटर स्थापित कर जलप्रदाय बहाल करने के निर्देश दिए, साथ ही समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। सोलर पंप से जलप्रदाय शुरू पीएचई विभाग द्वारा 28 मई को पंडा टोला में सोलर पंप स्थापित कर जलप्रदाय प्रारंभ कर दिया गया है। वहीं, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत बनी सडक़ के कारण दबे एमडीपीई पाइपलाइन के सुधार का कार्य तीन दिनों में पूर्ण कर सभी घरों तक जल पहुंचाने की योजना है। बीजा टोला में भी सिंगल फेज मोटर लगाकर जलप्रदाय शुरू कर दिया गया है। अन्य टोलों में व्यवस्था सुचारू निरीक्षण दल ने पटेल टोला, नाका टोला एवं नीमटोला में भी पेयजल व्यवस्था का भौतिक सत्यापन किया, जहां नल-जल योजना सुचारू पाई गई। समीपवर्ती ग्राम बरिया, मुन्नू टोला एवं नरवरी टोला में भी जल जीवन मिशन के तहत योजनाएं नियमित रूप से संचालित मिलें। प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी एसडीएम परसवाड़ा प्यासी ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गर्मी के मौसम को देखते हुए पंडा टोला एवं बीजा टोला के सभी हैंडपंपों का संधारण एवं सुधार कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है, जिससे वर्तमान में सभी स्थानों पर नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। भानेश साकुरे / 28 मई 2026