28-May-2026
...


- गीता भवन में धूमधाम से मनाया गोवर्धन उत्सव, आज होगा रुक्मणी विवाह प्रसंग इंदौर (ईएमएस)। गीता भवन सत्संग सभागृह में पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ के पांचवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा के दौरान श्रीधाम वृंदावन के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद ने भगवान की बाल लीलाओं, 56 भोग और गोवर्धन पूजा प्रसंगों की भावपूर्ण व्याख्या की। उन्होंने इंदौर की स्वच्छता की तारीफ करते हुए कहा कि हमारा शहर बाहर की साफ-सफाई में तो पूरे देश में अव्वल है, लेकिन अब हमें अपने अंदर के इंदौर को भी स्वच्छ बनाना होगा। जैसे ट्रेचिंग ग्राउंड से कचरे का ढेर साफ हुआ है, वैसे ही अंतर्मन में भरी विषय-वासनाओं की गंदगी को भी सत्संग के माध्यम से साफ करना होगा। विद्वान वक्ता ने कहा कि भक्ति की सार्थकता मन की पवित्रता में है। हमें अपने मन को गोकुल की तरह बनाना होगा, ताकि उसमें पूतना जैसी राक्षसी और समाज की दुष्प्रवृत्तियां प्रवेश न कर सकें। उन्होंने गोवर्धन पूजा के महत्व को समझाते हुए कहा कि भगवान की सभी लीलाओं में प्राणी मात्र के कल्याण और उद्धार का भाव छुपा होता है, जिन्हें समझना साधारण मनुष्य के वश में नहीं है। :: आज मनाया जाएगा रुक्मणी विवाह उत्सव :: कथा के दौरान वृंदावन के संगीतकारों द्वारा प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और आकर्षक छप्पन भोग के साथ गोवर्धन उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इससे पहले प्रमुख संयोजक संजय-किरण मंगल, बिनोद-सुनीता अग्रवाल, प्रेमचंद गोयल सहित अन्य प्रबुद्धजनों ने व्यासपीठ का पूजन किया। संयोजक संजय मंगल ने बताया कि पुरुषोत्तम मास की यह कथा 30 मई तक प्रतिदिन दोपहर 3:30 से शाम 7:00 बजे तक आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में छठे दिन, यानी आज 29 मई को रुक्मणी विवाह का प्रसंग धूमधाम से मनाया जाएगा, जबकि शनिवार 30 मई को सुदामा चरित्र के साथ फूलों की होली खेलकर कथा का समापन होगा। प्रकाश/28 मई 2026