मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा इन दिनों अपनी आगामी रोमांटिक थ्रिलर फिल्म सुंदर पूनम को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। फिल्म की शूटिंग जोर-शोर से चल रही है और हाल ही में अभिनेत्री ने इसका जोधपुर शेड्यूल पूरा कर लिया है। इस खास मौके की जानकारी सान्या ने सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों के साथ साझा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें फिल्म की पूरी टीम जोधपुर को अलविदा कहती नजर आ रही है। सान्या द्वारा शेयर किए गए वीडियो में शूटिंग के दौरान के कई खास और मजेदार पल दिखाई दिए। वीडियो में कलाकारों और क्रू मेंबर्स को एक-दूसरे के साथ हंसी-मजाक करते, शूटिंग के बीच मस्ती करते और यादगार समय बिताते देखा जा सकता है। वीडियो में जोधपुर की खूबसूरत लोकेशंस की झलक भी दिखाई गई, जिसने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। शूटिंग खत्म होने के बाद टीम के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ नजर आ रहा था। अभिनेत्री ने इसके अलावा अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक छोटा वीडियो भी साझा किया। इस वीडियो में वह फ्लाइट में बैठी कैमरे की ओर मुस्कुराती दिखाई दीं। इसके जरिए उन्होंने इशारा किया कि फिल्म की टीम अब अगले शूटिंग शेड्यूल के लिए किसी नई लोकेशन की ओर रवाना हो चुकी है। हालांकि उन्होंने अभी तक यह खुलासा नहीं किया है कि अगली शूटिंग किस शहर या जगह पर होगी। फिल्म सुंदर पूनम का निर्देशन पुलकित कर रहे हैं। इस फिल्म में आदित्य रावल भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी वर्ष 2025 में सामने आए चर्चित हनीमून मर्डर केस से प्रेरित है। इस घटना में इंदौर के एक कारोबारी की मेघालय यात्रा के दौरान हत्या कर दी गई थी। हालांकि मेकर्स ने अभी फिल्म की कहानी को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन इसे रोमांस, सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर फिल्म माना जा रहा है। सान्या मल्होत्रा के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही फिल्म बंदर में भी दिखाई देंगी। इस फिल्म में उनके साथ बॉबी देओल मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। लगातार अलग-अलग प्रोजेक्ट्स में काम कर रहीं सान्या इन दिनों बॉलीवुड की सबसे व्यस्त अभिनेत्रियों में शुमार की जा रही हैं और उनके प्रशंसक उनकी आने वाली फिल्मों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। डेविड/ईएमएस 29 मई 2026