मनोरंजन
29-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। 80 और 90 के दशक में बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और अभिनेता अनिल कपूर ने कई सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया। दोनों ही कलाकारों ने अपनी शानदार केमिस्ट्री से दर्शकों का दिल जीता । उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री इतनी लाजवाब थी कि वे हर फिल्म में एक नया जादू बिखेरते थे, जिससे उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाल मचाती थीं। इस आइकॉनिक जोड़ी को एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक साथ देखने को लेकर चर्चा तेज हो गई है। दरअसल, जाने-माने निर्देशक सुरेश त्रिवेणी ने एक बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर एक बार फिर एक खास प्रोजेक्ट में साथ नजर आ सकते हैं। सुरेश त्रिवेणी इन दिनों अपनी नई सीरीज मां बहन को लेकर चर्चा में हैं, जिसके ट्रेलर ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। शो के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में उन्होंने अपने अनुभव साझा किए। इसी दौरान उन्होंने कहा, मेरे लिए यह साल बेहद खास रहा, क्योंकि मुझे एक ही साल में दो बड़े सितारों के साथ काम करने का मौका मिला। एक तरफ मैंने अनिल कपूर के साथ सीरीज सूबेदार में काम किया, वहीं दूसरी तरफ अब मैं माधुरी दीक्षित के साथ मां बहन में काम कर रहा हूं। यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा अनुभव है, क्योंकि दोनों ही कलाकार अपनी प्रतिभा और व्यावसायिकता के लिए जाने जाते हैं। त्रिवेणी ने दोनों दिग्गजों के साथ काम करने के अपने अनुभव को अविस्मरणीय बताया। सुरेश त्रिवेणी ने माधुरी और अनिल कपूर की जोड़ी को लेकर भी दिलचस्प बात कही, जिसने सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने कहा, मैं दोनों को फिर से एक साथ पर्दे पर लाना चाहता हूं। माधुरी और अनिल कपूर की जोड़ी स्क्रीन पर कमाल लगती है, और उनकी केमिस्ट्री आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है। अगर मुझे मौका मिला तो मैं जरूर दोनों को साथ लेकर कुछ नया और खास बनाने की कोशिश करूंगा, जो उनकी पुरानी जादू को फिर से जीवंत कर सके। अगर सब कुछ सही रहा और किस्मत ने साथ दिया, तो दर्शकों को यह सुपरहिट जोड़ी फिर से देखने को मिल सकती है, और मुझे यकीन है कि वे इसे पसंद करेंगे। सुरेश त्रिवेणी की इस बयान पर वहां मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और अपनी खुशी जाहिर की, क्योंकि यह खबर उनके लिए एक बड़ी खुशखबरी से कम नहीं थी। अगर माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर की फिल्मों की बात करें तो दोनों ने बॉलीवुड को कई यादगार और ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। बेटा में उनके भावनात्मक प्रदर्शन से लेकर तेजाब के ऊर्जावान डांस नंबर एक दो तीन तक, हर फिल्म में उन्होंने अपनी कला का प्रदर्शन किया। राम लखन, परिंदा और हाल ही में धमाल 4 जैसी फिल्मों में भी दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। सुदामा/ईएमएस 29 मई 2026