क्षेत्रीय
29-May-2026
...


बेगूसराय, (ईएमएस)। बिहार के बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कंकौल गांव में 10वीं पास छात्र विकास कुमार का अपहरण कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र राम उदय यादव का पुत्र था और उसने हाल ही में मैट्रिक परीक्षा पास की थी। 26 मई को गांव के ही मोहित कुमार ने उसे सरकारी सहायता राशि के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरवाने के बहाने अपने साथ ले गया, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद 27 मई को मुफस्सिल थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले मोहित कुमार को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, मोहित ने छात्र को बहाने से बुलाकर मुख्य आरोपी विकास के हवाले कर दिया था। इसके बाद उसे खगड़िया जिले ले जाया गया, जहां गला दबाकर और पिटाई कर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में शव को बेलदौर थाना क्षेत्र के नदी किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर 28 मई को शव बरामद किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता ने कहा कि करीब पांच महीने पहले आरोपी ने फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर आपत्तिजनक फोटो वायरल किए थे, जिससे परिवार की बदनामी हुई थी। इसी मामले में आरोपी को पहले जेल भी भेजा गया था। परिजनों का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद आरोपी लगातार धमकी दे रहा था और बदला लेने की बात कर रहा था। बेगूसराय एसपी मनीष ने कहा कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। संतोष झा- २९ मई/२०२६/ईएमएस