भागलपुर, (ईएमएस)। बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु को अस्थायी रूप से जोड़ने के लिए अब तीन नहीं बल्कि चार बेली ब्रिज बनाए जाएंगे। रक्षा मंत्रालय ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को चौथे बेली ब्रिज के निर्माण की मंजूरी दे दी है। अब तक दो बेली ब्रिज का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि तीसरे का काम अंतिम चरण में है। चौथे ब्रिज के जुड़ने से पुल पर यातायात शुरू होने में कुछ और दिनों की देरी होने की संभावना है। पथ निर्माण विभाग के मंत्री कुमार शैलेद्र ने कहा कि शुरुआत में केवल तीन बेली ब्रिज बनाए जाने थे, लेकिन चौथे पिलर के भी क्षतिग्रस्त पाए जाने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर चौथे ब्रिज का निर्णय लिया गया। इस प्रस्ताव को बिहार सरकार ने रक्षा मंत्रालय को भेजा था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती, इसलिए अतिरिक्त ब्रिज का निर्माण जरूरी समझा गया है। मंत्री के अनुसार, जून के पहले सप्ताह तक पुल को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है, हालांकि चौथे ब्रिज के कारण 3–4 दिन की देरी हो सकती है। निर्माण कार्य के दौरान खराब मौसम और बिजली की समस्या से भी काम प्रभावित हुआ है। फिलहाल पुल पर केवल हल्के वाहनों जैसे ऑटो, टोटो और कारों के चलने की अनुमति दी जाएगी, जबकि भारी वाहनों पर प्रतिबंध जारी रहेगा। उधर बीआरओ ने स्पष्ट किया है कि अस्थायी बेली ब्रिज पर एक समय में केवल हल्के वाहनों का ही आवागमन सुरक्षित है। निर्माण पूरा होने के बाद आईआईटी पटना के विशेषज्ञ इसकी जांच करेंगे और ट्रायल के बाद ही इसे जनता के लिए खोला जाएगा। वहीं भागलपुर के डीएम नवल किशोर चौधरी ने कहा कि मरम्मत कार्य तेजी से जारी है और 7 जून से पहले पुल को चालू करने का प्रयास किया जा रहा है। आपको बता दें कि 3 मई की रात विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा गंगा में गिर जाने के बाद पुल पूरी तरह बंद हो गया है। संतोष झा- २९ मई/२०२६/ईएमएस