क्षेत्रीय
29-May-2026
...


रेत के अवैध भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई बालाघाट (ईएमएस). जिले में अवैध रेत खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भटेरा और खैरी गांवों में 2500 से अधिक ट्रॉली रेत जब्त की है। संयुक्त टीम की इस छापामार कार्रवाई से रेत माफियाओं में हडक़ंप मच गया है। शुक्रवार को तहसील बालाघाट अंतर्गत ग्राम भटेरा एवं खैरी में परिवहन विभाग, खनिज विभाग, राजस्व अमला एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा छापामार कार्रवाई की गई। उप संचालक खनिज फरहत जहां ने बताया कि कार्रवाई में परिवहन विभाग, खनिज अमला, राजस्व विभाग, थाना प्रभारी कोतवाली एवं पुलिस लाइन बालाघाट का पुलिस बल शामिल रहा। जांच के दौरान ग्राम खैरी में शासकीय एवं निजी भूमि पर लगभग 862 ट्रॉली खनिज रेत का अवैध भंडारण पाया गया। वहीं ग्राम भटेरा में शासकीय भूमि पर करीब 1650 ट्रॉली रेत लावारिस हालत में अवैध रूप से भंडारित मिली। कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्तियों द्वारा रेत भंडारण के वैध दस्तावेज अथवा रॉयल्टी प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके चलते नियमानुसार पूरी रेत को अज्ञात रूप से जब्त किया गया। ग्राम खैरी में जब्त रेत को ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में दिया गया, जबकि ग्राम भटेरा में जब्त रेत की देखरेख की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिव को सौंपी गई है। समाचार लिखे जाने तक जब्ती की कार्रवाई जारी थी। परिवहन विभाग की कार्रवाई छापामार कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग ने दो बिना नंबर के संचालित ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पकड़ीं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब्त रेत पर मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि खनिज संबंधी सभी कार्य केवल वैध अनुमति एवं नियमों के तहत ही करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।