- नगर में पाइपलाइन सुधार कार्य से नागरिकों को मिल रही स्वच्छ एवं निर्बाध जल आपूर्ति कटनी (ईएमएस) । नगर वासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी द्वारा नगर की जल प्रदाय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। निगम प्रशासन के निर्देशानुसार शहर के विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों में विशेष पाइप लाइन लीकेज सुधार अभियान चलाकर जल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया। नगर निगम के जलप्रदाय अमले द्वारा कई स्थानों पर लंबे समय से हो रहे पाइपलाइन रिसाव को प्राथमिकता के आधार पर सुधारते हुए जल अपव्यय रोकने तथा नागरिकों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की गई। अभियान के तहत क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को दुरुस्त कर जल प्रवाह को पुनः सामान्य किया जा रहा है। जल प्रदाय शाखा द्वारा बताया गया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए तकनीकी टीमों को मौके पर भेजा जाकर आवश्यक सुधार कार्य कर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने की दिशा में प्राथमिकता से कार्यवाही की जा रही है। साथ ही भविष्य में जल रिसाव की समस्या कम हो सके इसके लिए पाइपलाइन नेटवर्क की सतत मॉनिटरिंग भी की जा रही है। नगर निगम कटनी की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल समय पर पहुंचे तथा जल की एक-एक बूंद का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। इसी उद्देश्य के साथ निगम प्रशासन द्वारा लीकेज मुक्त जल प्रदाय व्यवस्था विकसित करने और नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि नगर में कहीं भी पाइपलाइन लीकेज अथवा जल अपव्यय दिखाई देने पर तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते सुधार कार्य कर जल संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। ईएमएस/मोहने/ 29 मई 2026