भोपाल(ईएमएस)। पुराने शहर के वीआईपी रोड स्थित बड़े तालाब में शुक्रवार सुबह एक युवती ने छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर नगर निगम के गोताखोर तत्काल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोर मोहम्मद इमरान, शेख आसिफ और आमिर की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवती को पानी से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पहुचीं तलैया थाना पुलिस ने युवती को तत्काल अस्पताल पहुचांया। पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती की पहचान मनीषा के रूप में हुई है, जो बैरागढ़ क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक परेशानियों से जूझ रही थी। थाना पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवती सुबह करीब 8 बजे अपने दो दोस्तों के साथ वीआईपी रोड पर घूमने आई थी। इसी दौरान वह किसी को फोन लगाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन बात नहीं हो पा रही थी, जिससे वह तनाव में आ गई। इसी दौरान उसने अचानक तलाब में छलांग लगा दी। पुलिस का कहना है कि युवती और उसके साथ मौजूद दोस्तो के बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। जॉच के बाद ही सही कारणो का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है। जुनेद / 29 मई