पटना, (ईएमएस)। बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज 30 मई के लिए कई जिलों में भारी बारिश और तेज तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, भोजपुर, सारण, गोपालगंज, गया, सिवान, जहानाबाद, औरंगाबाद, रोहतास, नवादा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज समेत कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पटना में आज शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में 11 से 20 सेंटीमीटर तक भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। सिसवन इलाके में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा कई स्थानों पर तेज गरज-चमक के साथ 70 से 105 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। वहीं पटना में सबसे तेज हवा 107 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दर्ज की गई, जबकि राजगीर में 76 किमी प्रति घंटा और जीरादेई में 72 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। साथ ही संभावित ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। संतोष झा- २९ मई/२०२६/ईएमएस