क्षेत्रीय
29-May-2026
...


- युवा भाजपा नेता ने राज्य वित्त आयोग आयुक्त से की शिकायत, निष्पक्ष विभागीय जांच की मांग ​सिरोंज (ईएमएस) । विकास कार्यों के नाम पर सरकारी बजट का किस तरह दुरुपयोग किया जाता है, इसका एक कथित मामला सिरोंज तहसील की ग्राम पंचायत गेंहूखेड़ी में सामने आया है। पांचवे वित्त राज्य आयोग योजना के तहत स्वीकृत विभिन्न निर्माण कार्यों में लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भाजपा युवा नेता गोलू बघेल (गड़रिया) ने मोर्चा खोला है। उन्होंने इस संबंध में राज्य वित्त आयोग भोपाल के सचिव आयुक्त, पंचायत मंत्री, वित्त आयोग अध्यक्ष, जनपद सीईओ को एक लिखित शिकायती पत्र भेजकर निष्पक्ष विभागीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। ​धरातल पर काम शून्य, कागजों में निकाली राशि सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, ग्राम पंचायत में पेवर ब्लॉक और सीसी रोड निर्माण के कुल पांच कार्यों में गंभीर धांधली की गई है। शिकायतकर्ता गोलू बघेल ने बताया कि रतनसिंह के घर से लक्ष्मण के घर तक (राशि ₹4,28,000, कार्य आईडी: 101195478), लक्ष्मण के घर से वंशी के घर तक (राशि ₹4,28,000, कार्य आईडी: 101195473) तथा वंशी के घर से रामसिंह के घर तक (राशि ₹2,51,000, कार्य आईडी: 101195482) स्वीकृत पेवर ब्लॉक निर्माण का कार्य केवल कागजी कार्यवाहियों में पूर्ण दर्शाकर पूरी राशि आहरित कर ली गई है, जबकि मौके पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं हुआ है। ​घटिया निर्माण और अधूरे कार्यों की भी शिकायत इसके अलावा, दीपक के घर से बालाजी मंदिर तक स्वीकृत सीसी निर्माण (राशि ₹3,00,300) और पंचायत भवन से श्मशान घाट तक स्वीकृत सीसी मार्ग (राशि ₹4,68,969) के कार्यों में भी व्यापक अनियमितता बरतने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इन दोनों सड़कों का कार्य या तो अधूरा छोड़ दिया गया है या फिर इनमें बेहद घटिया स्तर की निर्माण सामग्री का उपयोग किया गया है, जिससे सरकारी धन का खुला दुरुपयोग साफ दिखाई दे रहा है। ​दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग जागरूक नागरिक और युवा नेता गोलू बघेल ने आयुक्त से मांग की है कि एक विशेष विभागीय टीम गठित कर इन सभी कार्यों की जमीनी हकीकत की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी, कर्मचारी या जनप्रतिनिधि दोषी पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध उचित कानूनी और दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सलमान खान, २९ मई २०२६