क्षेत्रीय
29-May-2026
...


नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से जिले में पंजीयन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत सांईखेड़ा में शुक्रवार को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना अंतर्गत पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 18 वर्ष से 40 वर्ष आयु वर्ग के असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को योजना की जानकारी देते हुए उनका पंजीयन किया गया। इसी क्रम में नगर पालिका गाडरवारा में आगामी एक जून को पंजीयन शिविर लगाया जाएगा। श्रमिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योजना का लाभ लेने की अपील की गई है। शिविर के दौरान अधिकारियों द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना है। इस योजना अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों को 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर प्रतिमाह 3 हजार रुपये की न्यूनतम पेंशन प्रदान की जाती है। योजना में श्रमिक द्वारा निर्धारित मासिक अंशदान जमा किया जाता है। वहीं केंद्र सरकार द्वारा भी समान राशि का योगदान किया जाता है, जिससे श्रमिकों को वृद्धावस्था में आर्थिक संबल प्राप्त होता है। पंजीयन के लिए आधार कार्ड, ई-श्रम कार्ड, पंजीकृत मोबाइल नंबर तथा बैंक पासबुक जैसे आवश्यक दस्तावेजों के माध्यम से श्रमिकों का पंजीयन किया गया। जिन श्रमिकों का ई-श्रम पंजीयन पूर्व में नहीं हुआ था, उनके लिए शिविर स्थल पर ही तत्काल ई-श्रम पंजीयन की व्यवस्था भी की गई, जिससे वे योजना से जुड़ सकें। पंचायतों के सभी पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों से कहा गया है कि वे अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ें, जिससे उन्हें उक्त योजना का लाभ प्राप्त हो सके।