क्षेत्रीय
29-May-2026
...


नरसिंहपुर, (ईएमएस)। प्रदेश सरकार की मंशा अनुरूप जिले में कृषक कल्याण वर्ष के दौरान कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के मार्गदर्शन में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन आत्मा अंतर्गत कृषि एवं संबद्ध विभागों के समन्वय से नरसिंहपुर विकासखंड के ग्राम आलोद में कृषक संगोष्ठी का आयोजन शुक्रवार किया गया। विभागीय अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, समसामयिक सलाह और खरीफ फसलों की तैयारी के संबंध में विभिन्न जानकारियां दी। किसानों ने संगोष्ठी उपरांत बायो रिसोर्स सेंटर का अवलोकन भी किया। संगोष्ठी में कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र, पशुपालन विभाग, उद्यानिकी विभाग, कृषि अभियांत्रिकी विभाग, मत्स्य पालन विभाग, आत्मा के अधिकारी-कर्मचारी, गौशालाओं के संचालक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और कृषकगण मौजूद थे। संगोष्ठी के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. विजय सूर्यवंशी ने किसानों को समसामयिक सलाह देते हुए खरीफ फसलों की तैयारी के साथ ही उन्नत बीज, संतुलित उर्वरकों के उपयोग की सलाह भी दी। परियोजना संचालक आत्मा आर.पी. झारिया ने प्राकृतिक खेती, फसल विविधिकरण, धान के साथ मछली पालन की जानकारी दी। उप संचालक कृषि मोरिस नाथ ने कृषि, ई-टोकन प्रणाली, नरवाई प्रबंधन एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। सहायक संचालक कृषि श्रीमती रश्मि ठाकुर ने समन्वित कृषि, अंतरवर्ती फसलें, कीट व्याधि-नाशक उपायों के बारे में बताया। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के डॉ. भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने पशु टीकाकरण, उन्नात नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान आदि के बारे में विस्तृत जानकारी पशुपालकों को दी। उद्यानिकी विभाग के पलक कटारे व संगीता गुप्ता ने किसानों को फसल के साथ- साथ उद्यानिकी फसल लगाने और उसके लाभों के बारे में जानकारी प्रदान की। कृषक संगोष्ठी के पश्चात किसानों ने किसान अंतराम के खेत में स्थापित बायो इनपुट रिसोर्स सेन्टर का अवलोकन किया। किसानों ने गोबर एवं गौमूत्र से निर्मित जीवामृत, नीमास्त, दस पत्ती अर्क, बीजामृत आदि प्राकृतिक घटकों का अवलोकन किया। इसके अलावा किसानों ने ग्राम आलोद व गोरखपुर में गौशालाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोबर, गोमूत्र से विभिन्न उत्पादकों को खेती में उपयोग की जानकारी दी।