क्षेत्रीय
29-May-2026
...


कटिहार, (ईएमएस)। कटिहार में बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। कटिहार रेलवे स्टेशन परिसर से 363 ग्राम हेरोइन (कोटा) के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक पुरुष और तीन महिला तस्कर शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, 29 मई को एसटीएफ और कटिहार जिला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन परिसर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गोपाल कुमार समेत तीन महिला तस्करों को अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 363 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 73 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस मामले में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है और इसमें अन्य कौन लोग शामिल हैं।