:: कलेक्टर के निर्देश पर बेक समोसा और क्रीम रोल बनाने वाले कारखानों पर छापा; खाद्य सुरक्षा टीम ने पांच प्रतिष्ठानों से जब्त किए 21 सैंपल :: इंदौर (ईएमएस)। शहरवासियों की सेहत से खिलवाड़ कर चंद रुपयों के मुनाफे के लिए सड़ा हुआ माल परोसने वाले मिलावटखोरों पर शुक्रवार को प्रशासन का चाबुक चल गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जीरो टॉलरेंस के सख्त निर्देश के बाद हरकत में आए इंदौर जिला प्रशासन ने बेकरी उत्पादों के कारखानों पर एक साथ धावा बोला। कलेक्टर शिवम वर्मा के सीधे मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने शहर के पांच प्रमुख बेकरी प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस महाअभियान के दौरान छोटा बांगड़दा स्थित आदित्य राज बेकरी में जो नजारा दिखा, उसने अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए। कारखाने में सड़े हुए आलू से समोसे तैयार किए जा रहे थे। गंभीर अनियमितताओं और भयानक गंदगी को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर ही इस बेकरी को सील कर कारोबार पूरी तरह बंद करवा दिया। टीम ने शहरभर से कुल 21 सैंपल भी जब्त किए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, आदित्य राज बेकरी में कानून और नियमों की धज्जियां सरेआम उड़ाई जा रही थीं। संचालक के पास मौके पर कारोबार करने का कोई वैध खाद्य लाइसेंस तक नहीं मिला। हद तो यह थी कि कारखाने की भट्टी पर काम कर रहे कारीगरों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट भी नदारद थे, जो यह तय करते हैं कि खाना बनाने वाला व्यक्ति किसी संक्रामक बीमारी से ग्रसित न हो। :: बदबूदार कारखाने में फर्श पर पड़ा था कच्चा माल :: अधिकारियों ने बताया कि बेकरी का पूरा परिसर नरक जैसा बना हुआ था। फर्श की टाइल्स जगह-जगह से टूटी थीं और उन्हीं टूटी टाइल्स के बीच जमीन पर कच्चा माल बिखरा पड़ा था। कारखाने के पिछले हिस्से में कबाड़ और सड़ चुकी सामग्रियों का ढेर लगा था, जिससे उठने वाली असहनीय दुर्गंध के कारण अधिकारियों को निरीक्षण करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। :: भारी मात्रा में सड़ा माल नष्ट और दुकान सील :: समोसे बनाने के लिए जो आलू का मसाला रखा था वह पूरी तरह सड़ चुका था और बिना लेबल वाली सॉस व चटनी का उपयोग हो रहा था। अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर तैयार 300 नग दूषित बेक समोसे, सड़ा आलू मसाला, 10 बोतल संदिग्ध चटनी और असुरक्षित तरीके से बनाए गए केक को जब्त कर तत्काल जमीन में दफन और विनष्ट करा दिया। गंभीर अनियमितताओं के चलते मौके पर ही दुकान बंद कराकर संचालक को नोटिस थमाया जा रहा है। :: हड़कंप के बीच पांच दुकानों पर दबिश, 21 सैंपल लैब भेजे :: प्रशासन के इस हंटर से शहर के बेकरी संचालकों में दिनभर हड़कंप मचा रहा। टीम ने इसके बाद स्कीम नंबर 103 स्थित सुख सिस्टर बेकरी समेत पांच अन्य बड़े केंद्रों पर भी जांच की। इस दौरान अलग-अलग दुकानों से बेक समोसा, क्रीम रोल, नमकीन, चटनी और व्हिप क्रीम के कुल 21 कानूनी नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि इन सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। :: शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी :: मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने साफ कर दिया है कि मिलावटखोरी के खिलाफ यह जंग रुकने वाली नहीं है। आम नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानकों का उल्लंघन करने वाले अब सीधे सलाखों के पीछे जाएंगे। कलेक्टर ने जागरूक इंदौरियों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी होटल, दुकान या कारखाने में गंदगी, मिलावट या बिना लाइसेंस के काम होता दिखे, तो वे तुरंत कलेक्टर हेल्पलाइन नंबर 0731-181 पर इसकी सूचना दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी और 24 घंटे के भीतर त्वरित एक्शन लिया जाएगा। प्रकाश/29 मई 2026