राज्य
29-May-2026


चौधरी चरण सिंह स्मारक की दुर्दशा पर उठे सवाल, नेताओं की संवेदनहीनता से लोगों में नाराजगी --चौधरी चरण सिंह स्मारक नीरज चक्रपाणि हाथरस (ईएमएस)। किसानों के मसीहा और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की 39वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को मथुरा अड्डा स्थित स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नेताओं और अधिकारियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए, लेकिन स्मारक स्थल की बदहाल स्थिति और जर्जर होती प्रतिमा पर किसी ने ध्यान देना जरूरी नहीं समझा।वर्षों से रखरखाव के अभाव में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा बदरंग और क्षतिग्रस्त होती जा रही है। प्रतिमा पर जमी कबूतरों की बीट, उखड़ता रंग और चेहरे व पेट सहित कई हिस्सों में पड़े गहरे गड्ढे साफ तौर पर उपेक्षा की कहानी बयां कर रहे हैं। स्मारक स्थल की हालत देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो जिम्मेदार विभाग केवल औपचारिकताओं तक सीमित होकर रह गया हो।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर वर्ष पुण्यतिथि और जयंती पर नेताओं द्वारा बड़े-बड़े भाषण दिए जाते हैं, लेकिन चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा और स्मारक के संरक्षण को लेकर कोई गंभीर पहल नहीं की जाती। लोगों का आरोप है कि कार्यक्रमों में केवल फोटो खिंचवाने की होड़ दिखाई देती है, जबकि स्मारक की बदहाली पर सभी चुप्पी साध लेते हैं।किसान संगठन के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह केवल एक नेता नहीं बल्कि देश के किसानों की आवाज थे। ऐसे में उनकी स्मृति से जुड़े स्थल की यह हालत बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रतिमा की मरम्मत और साफ-सफाई नहीं कराई गई तो आने वाले समय में इसे और अधिक नुकसान हो सकता है।स्थानीय नागरिकों और किसान संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रतिमा की तत्काल मरम्मत, रंगाई-पुताई और स्मारक स्थल की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि किसानों के इस महान नेता की स्मृति और सम्मान को सुरक्षित रखा जा सके। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 29 मई 2026