- गंदे नाले में घुसा कैंटर हाथरस (ईएमएस)। सासनी आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग 93 पर गांव समामई के निकट शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल टल गया। अलीगढ़ की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार कैंटर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने एक गंदे नाले में जा घुसा। नाले में गिरने के कारण कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा होने से बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार को एक कैंटर चालक अलीगढ़ से हाथरस होते हुए पुणे जा रहा था। जैसे ही वह गांव समामई के पास पहुंचा, तभी अचानक वाहन पर से उसका नियंत्रण खो गया और कैंटर लहराते हुए सीधे गंदे नाले में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कैंटर से कूदकर अपनी जान बचाई और मौके से फरार हो गए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे को देखकर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और कैंटर को नाले से बाहर निकलवाने का प्रयास शुरू कर दिया। राहत की बात यह है कि इस हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित नहीं हुआ और वाहनों का आवागमन पूरी तरह सुचारु रूप से जारी रहा। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 29 मई 2026