राज्य
29-May-2026


--फटी मकान की दीवार हाथरस (ईएमएस)। देर शाम आई तेज आंधी-बारिश के बीच मकान पर गिरी आकाशीय बिजली से एक ग्रामीण की छत और दीवारें फट गईं। इसके अलावा घरों में बिजली उपकरणों के साथ-साथ बिजलीघर में मशीनरी भी प्रभावित हो गई। जिससे लोगों को रोजमर्रा में उपयोग हेतु बिजली के लिए तडपना पड़ा। गुरूवार को अचानक बदले मौसम के मिजाज से लोंगों का भारी नुकसान हो गया। जहां आंधी के कारण पेड़ आदि की डालें टूटकर सडक पर गिर गईं वहीं बिजली कडकने से कई लोगों के विद्युत उपकरण खराब हो गये। गांव नया नगला में मूसलाधार बारिश के बीच अचानक गरज के साथ कड़की आकाशीय बिजली एक मकान पर आ गिरी। बिजली गिरने का धमाका इतना जोरदार था कि पूरा इलाका दहल उठा और आसपास के घरों में रह रहे लोग डर के मारे अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। आकाशीय बिजली गांव में मानिक चंद ठेकेदार पुत्र पन्ना लाल सीधे मकान की छत पर गिरी, जिससे पक्के मकान की छत में गहरी दरारें आ गईं। बिजली का झटका इतना तगड़ा था कि घर के भीतर लगे सभी कीमती विद्युत एप्लायंसेज (बिजली के उपकरण) पल भर में फुक कर राख हो गए। इस प्राकृतिक आपदा के कारण मकान स्वामी को मलबे और उपकरणों के रूप में भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है। गनीमत यह रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित स्थान पर थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और प्रशासनिक मदद की आस लगाए बैठा है। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 29 मई 2026