राज्य
29-May-2026


पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान से मिले पर्यटन मंत्री, --पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान से भेट करते पर्यटन मंत्री, हाथरस (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह शुक्रवार को सिकंद्राराऊ पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान के आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मंत्री ने यहां कुछ समय रुककर पत्रकारों से भी बातचीत की और विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने इससे पूर्व जनपद हाथरस में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की 20 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि हाथरस में आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय ठाकुर मलखान सिंह की प्रतिमा का भी लोकार्पण किया गया, जो क्षेत्र की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ईद-उल-अजहा के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था और नमाज को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि कुछ विपक्षी दल, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस, तुष्टिकरण की राजनीति के तहत भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सभी धर्मों और समुदायों को अपने-अपने पर्व और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की पूरी स्वतंत्रता देती है। उन्होंने कहा कि जनसुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा यह निर्देश दिए गए हैं कि नमाज एवं अन्य धार्मिक आयोजन निर्धारित स्थानों पर ही आयोजित किए जाएं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि ईद का पर्व प्रदेशभर में शासन की गाइडलाइन के अनुरूप शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा प्रदेश और देश को प्रगति के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मंत्री के आगमन को लेकर सिकंद्राराऊ में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 29 मई 2026