156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किए गए हैं प्रधानमंत्री आवास ऊधमसिंहनगर (ईएमएस)। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1872 आवास जल्द ही लाभार्थियों को आवंटित किए जाएंगे। सचिव आवास एवं राज्य सम्पत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने परियोजना का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवंटन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने जिले में प्रस्तावित अन्य विकास परियोजनाओं का भी जायजा लिया। शुक्रवार को सचिव आवास एवं राज्य सम्पत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने रुद्रपुर पहुंचकर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्माणाधीन और प्रस्तावित विभिन्न योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1872 आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इन आवासों का लोकार्पण कर लाभार्थियों को चाबियां सौंपी जाएंगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लाभार्थियों से आवश्यक धनराशि जमा कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि जल्द आवंटन किया जा सके। विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक आवास के लिए तीन लाख रुपये सरकार और तीन लाख रुपये लाभार्थी द्वारा जमा किए जाने हैं। अब तक 185 लाभार्थियों ने पूरी धनराशि जमा कर दी है, जबकि 222 लाभार्थियों को पत्र और दूरभाष के माध्यम से धनराशि जमा कराने के लिए सूचित किया गया है। आवास परिसर में साफ-सफाई, पौधारोपण तथा एसटीपी की टेस्टिंग का कार्य भी पूरा किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान सचिव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने इन आवासों का लोकार्पण प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री द्वारा शीघ्र कराया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लिए भी भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने त्रिशूल चैक के पास प्रस्तावित कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर प्रोजेक्ट, रामपुर रोड पर प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर, त्रिशूल चैक से मेडिकल कॉलेज तक सड़क चैड़ीकरण कार्य तथा निर्माणाधीन विकास प्राधिकरण कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/29 मई 2026