29-May-2026


मसूरी (ईएमएस)। मसूरी के सहस्त्रधारा-सरोना मोटर मार्ग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश एक बार फिर सामने आया है। कुछ समय पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें ग्रामीण सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते दिखाई दिए थे। वीडियो में साफ नजर आया कि सड़क पर तारकोल और मिट्टी की परत इतनी कमजोर थी कि लोग उसे हाथों से ही उखाड़ रहे थे। ग्रामीणों का आरोप था कि पहली बार सड़क बनने के बावजूद कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा पीएमजीएसवाई अधिकारियों पर फूट पड़ा था। लगातार बढ़ते विरोध और शिकायतों के बाद आज विभागीय अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे। अधिकारियों ने सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने और आवश्यक सुधार कराने का आश्वासन दिया। हालांकि, ग्रामीण अभी भी विभागीय आश्वासनों से संतुष्ट नजर नहीं आए। ग्रामवासियों का कहना है कि उन्होंने पहले भी कई बार शिकायतें कीं, पत्राचार किया और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें सोशल मीडिया का सहारा लेना पड़ा। ग्राम प्रधान ने मौके पर पुराने पत्र और शिकायतों की प्रतियां भी दिखाई, जिन्हें अलग-अलग विभागों को भेजा गया था। ग्रामीणों का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बाद ही अधिकारी गांव पहुंचे, जबकि समस्याएं लंबे समय से बनी हुई थीं। अब गांववासी सड़क निर्माण की गुणवत्ता में वास्तविक सुधार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/29 मई 2026