ओलावृष्टि और भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली को राहत नई दिल्ली,(ईएमएस)। देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ जहां दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के नए इलाकों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियों में है, वहीं दूसरी ओर उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के राज्यों में आज तीव्र आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इसको लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में प्री-मॉनसून गतिविधियों के कारण बारिश का यह दौर लगातार जारी रहेगा। दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में आज मौसम काफी खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर अधिकतम 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से भयंकर आंधी चलने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। आईएमडी का कहना है कि इस मौसमी बदलाव के कारण आज अधिकतम तापमान में 5-7 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट आएगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, यह राहत अस्थायी होगी और 31 मई से 4 जून के बीच तापमान में फिर से 5-7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। यूपी में आंधी बारिश का अलर्ट उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और आंधी का डबल अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। पूरे राज्य में आज 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और आकाशीय बिजली चमकने के आसार हैं। इसके अगले दिन यानी कि रविवार को भी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पड़ोसी राज्य बिहार में भी आज कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, बिहार और झारखंड दोनों राज्यों में आज 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान आने की आशंका है। झारखंड में 31 मई से 4 जून के बीच और बिहार में 31 मई को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। पहाड़ी इलाकों में बिजली गिरने की आशंका मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी बादल बरसेंगे। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में आज गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मध्य भारत के मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी आज 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने, बिजली चमकने और कुछ हिस्सों में ओले गिरने का अलर्ट है। पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में जहाँ आज लू की स्थिति बनी रह सकती है, वहीं कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की भी संभावना है। इन दोनों राज्यों में 30 मई के बाद अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भंयकर आंधी पूर्वी भारत के ओडिशा में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। ओडिशा में आज भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है और साथ ही 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भयंकर आंधी चल सकती है। गंगा से सटे पश्चिम बंगाल में आज हल्की से मध्यम बारिश और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। ओडिशा में 31 मई से 2 जून के बीच बारिश का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा, जबकि पश्चिम बंगाल में 2 जून से 4 जून के बीच काफी व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है। वीरेंद्र/ईएमएस/30मई 2026