व्यापार
30-May-2026
...


- ब्रेंट क्रूड 91 डॉलर के करीब पहुंचा, डब्ल्यूटीआई भी फिसला नई दिल्‍ली (ईएमएस)। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है, जहां ब्रेंट क्रूड का भाव फिसलकर 91 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया है। इस नरमी के बावजूद भारतीय घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल के खुदरा दामों पर इसका असर असमान रूप से दिखाई दिया। शनिवार सुबह जारी सरकारी तेल कंपनियों के ताजा अपडेट के अनुसार देश के चारों प्रमुख महानगरों में ईंधन की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं, लेकिन कुछ शहरों में इनमें बढ़ोतरी दर्ज की गई है, वहीं कुछ को हल्की राहत भी मिली है। बीते 24 घंटों में वैश्विक कच्चे तेल के बाजार में तेज गिरावट दर्ज की गई है। ब्रेंट क्रूड का भाव करीब 2 डॉलर फिसलकर 91.12 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है, जो पहले से ही नरमी का संकेत था। वहीं अमेरिकी बेंचमार्क डब्ल्यूटीआई क्रूड भी नीचे आया है और अब 87.36 डॉलर प्रति बैरल के भाव से कारोबार कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आई यह कमी आमतौर पर घरेलू बाजार में ईंधन के दाम घटाने का संकेत देती है। हालांकि शनिवार को देश के प्रमुख महानगरों दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है, जबकि मुंबई में पेट्रोल 111.18 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। इसके विपरीत कई शहरों में दाम बदल गए हैं। उत्तर प्रदेश के नोएडा में पेट्रोल 16 पैसे महंगा होकर 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 12 पैसे बढ़कर 95.56 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं, यूपी की राजधानी लखनऊ में उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली है, जहां पेट्रोल 15 पैसे सस्ता होकर 101.89 रुपये लीटर और डीजल 17 पैसे घटकर 95.36 रुपये लीटर पर आ गया है। बिहार की राजधानी पटना में भी पेट्रोल 4 पैसे की गिरावट के साथ 113.68 रुपये लीटर और डीजल 3 पैसे सस्ता होकर 99.68 रुपये लीटर बिक रहा है। यह दैनिक बदलाव तेल कंपनियों की ओर से सुबह 6 बजे जारी किए जाते हैं, जो स्थानीय वैट और ढुलाई शुल्क पर निर्भर करते हैं। सतीश मोरे/30मई ---