- धान संग्रहण केंद्र में कर्मचारियों की शराब पार्टी का वीडियो वायरल बालोद(ईएमएस)। जिले के मालीघोरी धान संग्रहण केंद्र से सरकारी व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पदस्थ कर्मचारियों द्वारा सरकारी कार्यालय परिसर में ही शराब पार्टी करने का वीडियो सामने आया है, जिसके बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, जिला विपणन विभाग के अधीन संचालित मालीघोरी धान संग्रहण केंद्र में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी तिलेश्वर साहू कुछ अन्य लोगों के साथ कार्यालय के भीतर शराब पीते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में सरकारी कार्यालय की आलमारी में दस्तावेजों की जगह शराब की बोतलें रखी दिखाई दे रही हैं। वहीं कर्मचारी आपस में बैठकर जाम छलकाते भी नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले को लेकर जब जिला विपणन अधिकारी (DMO) टिकेंद्र राठौर से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने छुट्टी पर होने की बात कहकर विस्तृत प्रतिक्रिया देने से परहेज किया। घटना के बाद अब सबकी नजर विभागीय अधिकारियों पर टिकी हुई है कि वायरल वीडियो की जांच कर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। वहीं स्थानीय लोगों ने सरकारी कार्यालय में शराबखोरी के मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)30 मई 2026