-नीट मामले को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र पर किया हमला -भाजपा ने बयान का किया सख्त विरोध नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक और परीक्षा रद्द मामले को लेकर केंद्र सरकार तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, कि नीट, सीबीएसई, एसएससी और सीयूईटी जैसी प्रमुख परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही समस्याएं देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि एक भी परीक्षा ईमानदारी से नहीं करा सके हैं और दावे विश्वगुरु के किए जा रहे हैं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि नीट, सीबीएसई, एसएससी और आज सीयूईटी, चार परीक्षाएं और एक करोड़ बच्चे। एक भी ईमानदारी से नहीं हो पाईं। दावे विश्वगुरु के, लेकिन देश में एक परीक्षा भी नहीं करवा सकते- मोदी जी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है। राहुल गांधी ने आगे कहा, जिस पीढ़ी का भविष्य आप बर्बाद कर रहे हैं- वही पीढ़ी आपका हिसाब करेगी। इस प्रकार राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा कि करोड़ों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े परीक्षा तंत्र में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित नहीं की जा सकी है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया गया है और इसका खामियाजा देश के युवाओं को भुगतना पड़ रहा है, वही भविष्य में जवाब भी देगी। कांग्रेस नेता की यह प्रतिक्रिया उस समय आई है जब नीट परीक्षा से जुड़े मामलों और पुनर्परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर बहस जारी है। राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि सरकार की ओर से परीक्षा प्रक्रिया की उच्चस्तरीय निगरानी के बावजूद विवाद सामने आए हैं। विपक्ष के नेता तथ्य आधारित चर्चा करें: गजेंद्र सिंह उधर, भाजपा ने राहुल गांधी के आरोपों का कड़ा विरोध किया है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि विपक्ष के नेता को गंभीर मुद्दों पर तथ्य आधारित चर्चा करनी चाहिए, न कि राजनीतिक लाभ के लिए सनसनीखेज आरोप लगाने चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि ऐसे वक्तव्यों से छात्रों और अभिभावकों की चिंताएं कम होने के बजाय और बढ़ सकती हैं। शेखावत ने कहा कि देश के युवाओं का भरोसा संस्थाओं और सुधार प्रक्रियाओं पर है तथा सरकार परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी हर मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी को प्राथमिकता देते हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला नीट परीक्षा और अन्य भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। आने वाले दिनों में यह मुद्दा संसद और राजनीतिक मंचों पर भी चर्चा का विषय बना रह सकता है। हिदायत/ईएमएस 30मई26