क्षेत्रीय
30-May-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में कथित अवैध रेत उत्खनन को लेकर कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी ने मोर्चा खोल दिया। शुक्रवार शाम से देर रात तक उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ बेलवापानी रेत खदान में धरना देकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, बेलवापानी रेत खदान में निर्धारित क्षेत्र के अलावा अन्य स्थानों से भी मशीनों के जरिए रेत निकाले जाने के आरोप हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमों की अनदेखी कर भारी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे पर्यावरणीय मानकों और खनन नियमों का उल्लंघन हो रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विधायक सावित्री मंडावी स्वयं खदान पहुंचीं और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मौके पर करीब 14 वाहन और एक चेन माउंटेन मशीन मौजूद थी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की और कार्रवाई होने तक धरने पर बैठी रहीं। विधायक के अनुसार, वह शाम करीब 7 बजे खदान पहुंची थीं, लेकिन प्रशासनिक अमला रात करीब 1 बजे मौके पर पहुंचा। इसके बाद कार्रवाई करते हुए चेन माउंटेन मशीन को सील किया गया और कुछ वाहनों को जब्त किया गया। सावित्री मंडावी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार हो रहे अवैध उत्खनन से भविष्य में रेत का संकट उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने कहा कि खनन कार्य निर्धारित नियमों के अनुसार होना चाहिए और स्थानीय ट्रैक्टर मालिकों तथा ग्रामीणों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध खनन के पीछे प्रशासन और शासन से जुड़े कुछ लोगों की मिलीभगत हो सकती है, क्योंकि कार्रवाई में अत्यधिक देरी हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध उत्खनन पर प्रभावी और कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ पुलिस थाना घेराव किया जाएगा। ईएमएस(राकेश गुप्ता)30 मई 2026