कटिहार, (ईएमएस)। बिहार एसटीएफ और कटिहार जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कोढ़ा गैंग द्वारा लूटी गई कुल 4 लाख 60 हजार रुपये की राशि बरामद कर ली गई है। यह रकम मधुबनी जिले में 22 मई को हुई दो अलग-अलग लूट की घटनाओं से संबंधित है। पुलिस के अनुसार मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र में शिवकुमार तिवारी से लूटे गए 1 लाख 40 हजार रुपये तथा लखनौर थाना क्षेत्र में जगदीश महतो से लूटे गए 3 लाख 20 हजार रुपये बरामद किए गए। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्त अपराधी आर्यन कुमार यादव की पहचान की। इसके बाद कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र स्थित उसके घर पर छापेमारी कर लूटी गई पूरी राशि बरामद कर ली गई। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और कोढ़ा गैंग से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। संतोष झा- ३० मई/२०२६/ईएमएस