पटना, (ईएमएस)। पटना जिले के खाजेकलां थाना पुलिस ने लूट की साजिश नाकाम करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से गांजा, अवैध शराब और कई चोरी के वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार खाजेकलां थाना द्वारा चलाए गए अभियान में कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 1.1 किलोग्राम गांजा, 250 लीटर अवैध शराब, दो चोरी की स्कूटी, दो चोरी की बाइक और एक चोरी का ई-रिक्शा बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त मो. तौसीफ, जो चार दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था, तीन दिन पूर्व खाजेकलां थाना क्षेत्र में एक व्यापारी से लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पूर्व में ही उसके दो साथियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने संभावित लूट की वारदात को टाल दिया। इस संबंध में परिचय कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। संतोष झा- ३० मई/२०२६/ईएमएस