क्षेत्रीय
30-May-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में लगातार मिल रही झगड़ा-मारपीट और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकालकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान पैदल पेट्रोलिंग कर लोगों से संवाद किया गया और सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पुलिस का फ्लैग मार्च काशीराम चौक, गढ़उमरिया, ओडिशा हाईवे, जूटमिल मार्केट क्षेत्र और युवकों की अड्डेबाजी वाले अन्य स्थानों पर निकाला गया। अभियान में 6वीं बटालियन के सशस्त्र जवान भी शामिल रहे, जिनकी मौजूदगी से पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नजर आई। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर हालात का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, अड्डेबाजी और शांति व्यवस्था भंग करने वाले युवकों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। कई लोगों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, मारपीट या सार्वजनिक शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना है। - (ईएमएस)30 मई 2026