- युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार जशपुर(ईएमएस)। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामजूनवानी खारापारा में प्रेम प्रसंग से जुड़े पुराने विवाद ने एक युवक की जान ले ली। आरोपियों ने युवक पर पहले हमला किया, फिर उसे जमीन पर पटककर पत्थर से सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान 34 वर्षीय सुशील खलखो के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों में जयलाल एक्का (34 वर्ष), जयमन एक्का (36 वर्ष) और एक 17 वर्षीय किशोर शामिल हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर भी बरामद कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक सुशील खलखो और आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी के बीच कई वर्ष पहले प्रेम संबंध थे। इस संबंध को लेकर पहले भी विवाद हुआ था और मामला पुलिस तक पहुंचा था। इसी प्रकरण में सुशील खलखो जेल भी गया था। करीब डेढ़ माह पहले ही वह जमानत पर रिहा होकर गांव लौटा था। बताया जा रहा है कि जेल से बाहर आने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। गांव में सामाजिक बैठक आयोजित कर परिस्थितियों को देखते हुए महिला को मृतक के साथ रहने की सहमति दी गई थी। इसी बात को लेकर आरोपी परिवार में नाराजगी और तनाव लगातार बढ़ता रहा। घटना रात की बताई जा रही है। पुलिस को हत्या की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। वहां सुशील खलखो का शव मिला, जिसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले की प्रत्यक्षदर्शी और शिकायतकर्ता जानकी लकड़ा ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे घर के बाहर शोर सुनाई दिया। बाहर निकलने पर उसने देखा कि तीनों आरोपी सुशील खलखो के साथ मारपीट कर रहे थे। आरोपियों ने उसे जमीन पर गिरा दिया और पास में पड़े बड़े पत्थर से उसके सिर पर लगातार वार किए। गंभीर चोट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर को भी जब्त कर लिया है। नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, जबकि दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। जशपुर रेंज के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह हत्या लंबे समय से चले आ रहे प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद का परिणाम है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)30 मई 2026