30-May-2026
...


-अभिवादन के बाद राष्ट्रपति का काफिला बोधगया के लिए रवाना हो गया बोधगया,(ईएमएस)। म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग शनिवार सुबह विशेष विमान से बिहार के गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरे। सुबह करीब 8:55 बजे उनके विमान के उतरते ही एयरपोर्ट पर उनका भव्य एवं गर्मजोशी से स्वागत किया गया। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मंत्री विजय कुमार सिन्हा समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे। एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत एवं अभिवादन के बाद राष्ट्रपति का काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बोधगया के लिए रवाना हो गया। जानकारी के मुताबिक बोधगया पहुंचने के बाद राष्ट्रपति एक निजी होटल में कुछ समय विश्राम करेंगे। इसके बाद वे विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और मंदिर परिसर का भ्रमण भी करेंगे। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर गया एयरपोर्ट से लेकर बोधगया तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कई मार्गों पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर बोधगया में विशेष उत्साह का माहौल है। म्यांमार के राष्ट्रपति के आगमन को लेकर बोधगया के फुटपाथी दुकानदारों को बंद करा दिया गया। दुमोहान से लेकर महाबोधि मंदिर, पच्छटी मोड़ सहित बोधगया के अन्य जगहों पर फुटपाथी दुकानों को बंद कराया गया है। इसके अलावा नगर परिषद बोधगया द्वारा पूरे बोधगया शहर में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ कराया है। सिराज/ईएमएस 30मई26