रायपुर(ईएमएस)। केरल में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् को लेकर छिड़े राजनीतिक विवाद के बीच छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे एक साथ बिना देखे वंदे मातरम् गाकर दिखाएं। भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस की परंपरा में वंदे मातरम् हमेशा से शामिल रहा है और पार्टी के कार्यक्रमों की शुरुआत इसी गीत से होती है। उन्होंने दावा किया कि जिला स्तर से लेकर बड़े आयोजनों तक कांग्रेस कार्यकर्ता नियमित रूप से वंदे मातरम् गाते हैं, जबकि भाजपा के लोग इस विषय पर केवल राजनीति करते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के जिला, ब्लॉक और प्रदेश स्तर के कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का गायन एक परंपरा है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज राष्ट्रवाद की बात करते हैं, वे पहले कभी वंदे मातरम् गाते तक नजर नहीं आते थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय प्रतीकों को राजनीतिक विवाद का विषय बनाने के बजाय उनका सम्मान किया जाना चाहिए। अपने हालिया दिल्ली दौरे को लेकर भी भूपेश बघेल ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से हुई। बघेल ने कहा कि बैठक में विशेष रूप से पंजाब की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर चर्चा हुई। संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। केंद्र में भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर शुरू किए जा रहे महाजनसंपर्क अभियान पर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनसंपर्क अभियान अवश्य चलाना चाहिए, क्योंकि जनता उनके जवाब का इंतजार कर रही है। भूपेश बघेल ने कहा कि महाजनसंपर्क अभियान के दौरान जनता भाजपा से महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और अन्य जनहित के मुद्दों पर सवाल पूछेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को अब जनता के सवालों का जवाब देना होगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)30 मई 2026