क्षेत्रीय
30-May-2026
...


धार धार (ईएमएस)। डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स कल्चर सोसायटी द्वारा आयोजित 36वें ग्रीष्मकालीन शिविर में बच्चों द्वारा खेल, कराटे, योग एवं विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। शिविर का आयोजन स्व. श्री अरविंद काशिव जी एवं स्व.श्री संदीप कराले जी की स्मृति में किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अशोक जैन एवं विशेष अतिथि के रूप में श्री सतीश रावत उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत खिलाड़ियों द्वारा पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। मुख्य अतिथि श्री अशोक जैन ने अपने संबोधन में कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने बच्चों को नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। विशेष अतिथि श्री सतीश रावत ने कहा कि खेल एवं योग बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए धार डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स कल्चर सोसायटी की सराहना की। शिविर में प्रतिदिन कराटे, योग, फिटनेस प्रशिक्षण एवं विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। .../ 30 मई /2026