राष्ट्रीय
30-May-2026
...


-पहला ग्राउंड कैंपेन इंटरनेट पर तेजी से फैला -पार्टी का दावा- वीडियो और तस्वीरों को अम्प्लिफाई कर प्रशासन पर बनाया जाएगा दबाव नई दिल्ली,(ईएमएस)। देश के युवाओं ने अब जर्जर बुनियादी ढांचे और नागरिक समस्याओं के खिलाफ अपना रोष प्रकट करने का अनोखा और व्यंग्यात्मक तरीका ढूंढ लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) अब सड़कों पर उतर आई है। उनका पहला ग्राउंड कैंपेन इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है और नगर निगमों की कार्यप्रणाली पर सीधा प्रहार कर रहा है। इस कैंपेन के तहत कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक देशभर में पोटहोल्स, कूड़े के ढेर, टूटे स्ट्रीटलाइट्स, सरकारी दफ्तरों में लापरवाही और अन्य नागरिक समस्याओं को रिकॉर्ड करके पार्टी को टैग कर रहे हैं। पार्टी का दावा है कि ये वीडियो और तस्वीरों को अम्प्लिफाई करके प्रशासन पर दबाव बनाया जाएगा। अभिजीत दीपके नामक व्यक्ति द्वारा शुरू की गई इस ऑनलाइन कॉकरोच जनता पार्टी ने एक वीडियो शेयर किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस तीन मिनट के वीडियो में एक व्यक्ति कॉकरोच के आकार का मुखौटा पहनकर शहर की सड़कों और नालियों के आसपास दिखाई देता है। वीडियो का मुख्य संदेश गंदगी, खुले नालों और खराब स्वच्छता व्यवस्था के खिलाफ जागरूकता फैलाना है। स्थानीय पार्षदों और अधिकारियों को टैग करते हुए उनके इलाकों की सबसे खराब सड़कों और जलभराव वाले क्षेत्रों के लिए व्यंग्यात्मक डिजिटल सर्टिफिकेट बांटे जा रहे हैं। इंस्टाग्राम और एक्स पर कॉकरोच फिल्टर का इस्तेमाल करते हुए युवा दूषित पानी, ट्रैफिक जाम, और टूटी सड़कें पर व्यंग्यात्मक रील्स बना रहे हैं। यह सब शुरू हुआ 15 मई 2026 को, जब भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान कुछ बेरोजगार युवाओं को “कॉकरोच” और “परजीवी” कहकर संबोधित किया था। सीजेआई ने बाद में स्पष्टीकरण दिया कि उनका इशारा फर्जी डिग्री वाले लोगों की ओर था, न कि पूरे युवा वर्ग की ओर। लेकिन इस टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर तूफान खड़ा कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक बेरोजगारी, नीट पेपर लीक, यूपीएससी की समस्याओं और युवा निराशा से जूझ रहे लाखों युवाओं ने इसे अपना अपमान माना। इसी गुस्से और व्यंग्य को पकड़ते हुए बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशंस के छात्र अभिजीत दीपके ने 16 मई को कॉकरोच जनता पार्टी की घोषणा की। “कॉकरोच” शब्द को उन्होंने अपनाया और इसे प्रतिरोध का प्रतीक बना दिया। दीपके, महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से हैं। उन्होंने पुणे में जर्नलिज्म की पढ़ाई की और आप के साथ 2020-2023 तक सोशल मीडिया वॉलंटियर के रूप में काम किया था। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की तेज रफ्तार ने सरकार को चिंता में डाल दिया है। आईबी के इनपुट पर मूल अकाउंट को सेक्शन 69ए के तहत भारत में ब्लॉक करवा दिया। अभिजीत ने नए हैंडल से कैंपेन जारी रखी। उन्होंने इंस्टाग्राम अकाउंट हैक होने, डेथ थ्रेट्स और परिवार को धमकियों का आरोप लगाया। दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई है, जिसमें अकाउंट बहाल करने की मांग की गई। सिराज/ईएमएस 30मई26