- हर घर में रैन हार्वेस्टिंग हो अनिवार्य, केंद्रीय भूजल बोर्ड की अनूठी पहल भोपाल (ईएमएस)। केंद्रीय भूजल बोर्ड (सीजीडब्ल्यूबी) उत्तर मध्य क्षेत्र (एनसीआर) भोपाल द्वारा सात दिवसीय भूजल एक्सपो लगाया गया है। 27 मई से शुरू यह एक्सपो दो जून तक चलेगा। भारत भवन भोपाल में एमपीसीएसटी द्वारा आयोजित सदानीरा- जल, संस्कृति और चेतना का उत्सव कार्यक्रम के तहत अदृश्य खजाना - नीला सोना शीर्षक से भूजल एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है। डिजिटल स्कैनर से जान सकेंगे भूजल की स्थिति इसमें भूजल की स्थिति देखने के लिए स्कैनर लगाया गया है। इसे स्कैन करने पर जिलेवार भूजल की स्थिति देखी जा सकती है, ऐसा ही स्कैनर तहसीलवार भी है। बोर्ड के मप्र के क्षेत्रीय निदेशक एके बिस्वाल ने बताया कि यह स्कैनर काफी उपयोगी है। इससे आमजन अपने शहर का भूजल स्तर देख सकेंगे। आमजन को जागरूक करने का उद्देश्य वहीं उन्होंने कहा कि इस एक्सपो का उद्देश्य आमजन को पानी के प्रति जागरूक करना है कि हमारे जीवन में पानी का क्या महत्व है। भूजल स्तर गिरने से भविष्य में इसके क्या दुष्परिणाम होंगे, इसे अभी विचार कर भविष्य के लिए हमें तैयार रहना होगा। उन्होंने रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक घर में यह सिस्टम होना चाहिए, तभी भूजल स्तर बना रहेगा। विनोद / 30 मई 26