- विद्यार्थियों को मिलेगा पत्रकारिता और जनसंचार का जमीनी अनुभव, विशेषज्ञों से प्राप्त होगा सीधा मार्गदर्शन इंदौर (ईएमएस)। हिंदी पत्रकारिता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को इंदौर प्रेस क्लब और मालवा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड मैनेजमेंट के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस शैक्षणिक समन्वय का मुख्य उद्देश्य इंस्टीट्यूट में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पत्रकारिता, जनसंचार (मास कम्युनिकेशन) और जनसंपर्क (पीआर) जैसे क्षेत्रों का व्यावहारिक व जमीनी अनुभव प्रदान करना है। एमओयू पर इंदौर प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष दीपक कर्दम और मालवा इंस्टीट्यूट की ओर से प्राचार्य डॉ. संगीता सिंघानिया भारूका ने हस्ताक्षर कर दस्तावेज़ों का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर बताया गया कि इस अनुबंध के बाद संस्थान के विद्यार्थी इंदौर प्रेस क्लब द्वारा समय-समय पर आयोजित होने वाले सेमिनार, परिचर्चा, कार्यशाला और अन्य बौद्धिक गतिविधियों में सीधे सहभागिता कर सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को मीडिया जगत के दिग्गज विशेषज्ञों और राष्ट्रीय स्तर के अतिथि वक्ताओं से सीधा संवाद करने तथा उनका मार्गदर्शन प्राप्त करने का स्वर्णिम अवसर मिलेगा। एमओयू हस्ताक्षर के इस गौरवपूर्ण क्षण के दौरान इंदौर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी, प्रेस क्लब महासचिव प्रदीप जोशी, उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष मुकेश तिवारी एवं कार्यकारिणी सदस्य अभय तिवारी विशेष रूप से उपस्थित थे। इनके साथ ही वरिष्ठ पत्रकार सुनील जोशी, डॉ. अर्पण जैन, प्रदीप जोशी, मार्टिन पिंटो, राजेंद्र कोपरगांवकर, लोकेश कश्यप, सौरभ पंवार, लोकेंद्र सिंह चौहान सहित मालवा ग्रुप के कुलसचिव मयंक माथुर भी इस वैचारिक और अकादमिक समन्वय के साक्षी बने। प्रकाश/30 मई 2025