- गीता रामेश्वरम ट्रस्ट का दाना-पानी अभियान अंतिम दौर में, मानसून आते ही होगा महा-वृक्षारोपण :: इंदौर (ईएमएस)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल के मार्गदर्शन में गीता रामेश्वरम ट्रस्ट द्वारा चलाया जा रहा दाना-पानी अभियान अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। गत 27 अप्रैल से शुरू हुए इस सेवा कार्य का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी के इस दौर में मूक पशु-पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था कर उनके जीवन की रक्षा करना है। इस मानवीय अभियान के तहत मालवा अंचल के विभिन्न क्षेत्रों, ग्रामीण इलाकों और विशेषकर मजदूर बस्तियों में अब तक 5000 से अधिक सकोरों (मिट्टी के बर्तनों) का निशुल्क वितरण किया जा चुका है। इस अवसर पर समाजसेवी मदन परमालिया, प्रीतेश राजू, मनोज पाटीदार और जगदीश जोशी सहित अनेक गणमान्य जन विशेष रूप से उपस्थित थे। :: श्रमिक बस्तियों में जगाई अलख :: ट्रस्ट द्वारा इस बार उन श्रमिक भाइयों और ग्रामीणों के बीच विशेष रूप से जागरूकता की अलख जगाई गई है, जो कच्चे मकानों या ऐसे परिवेश में रहते हैं जहाँ पशु-पक्षियों की आवाजाही अधिक होती है। इन मजदूर भाइयों को सकोरे सौंपकर प्रेरित किया जा रहा है ताकि वे अपने घरों के आसपास पक्षियों के लिए नियमित रूप से दाना-पानी रख सकें। जून के इस अंतिम सप्ताह में भी यह वितरण कार्य पूरी सक्रियता से संचालित हो रहा है। :: बारिश के साथ ही शुरू होगा महा-वृक्षारोपण :: सकोरे वितरण के इस सफल अभियान के समापन के तुरंत बाद, ट्रस्ट द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अगला बड़ा कदम उठाया जाएगा। संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार, जैसे ही मानसून की बारिश दस्तक देगी, पूरे क्षेत्र में व्यापक स्तर पर महा-वृक्षारोपण का कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, ताकि प्रकृति को हरा-भरा और समृद्ध बनाया जा सके। प्रकाश/30 मई 2025