- 16 लाख के 33 किलो ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार जबलपुर (ईएमएस)। नशा मुक्त मध्यप्रदेश अभियान के तहत जबलपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 किलो 300 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 16 लाख 65 हजार रुपये मूल्य का गांजा, दो मोबाइल फोन, नगद राशि तथा तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार जब्त की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह ने कंट्रोलरुम में पत्रकारों से चर्चा कर बताया कि क्राइम ब्रांच एवं थाना बरेला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मंडला की ओर से जबलपुर आ रही सफेद रंग की क्रेटा कार (एमपी-20-जेडजी-9299) को शारदा मंदिर तिराहे के पास पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर रोका। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बुलराजू (57 वर्ष) निवासी कलवापल्ली, जिला पश्चिम गोदावरी (आंध्र प्रदेश) तथा वर्तमान निवासी शास्त्री नगर, मेडिकल कॉलेज क्षेत्र, जबलपुर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से नगद 2 हजार 740 रुपये एवं दो मोबाइल फोन बरामद हुए। वाहन की तलाशी लेने पर कार के भीतर और बोनट के ऊपर विशेष रूप से छिपाकर रखे गए कुल 37 पैकेट मिले। तौल करने पर इनमें कुल 33 किलो 300 ग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उड़ीसा के टिटलागढ़ क्षेत्र से गांजा खरीदकर जबलपुर लाता था और स्थानीय स्तर पर इसकी सप्लाई करता था। पुलिस ने मामले में आरोपी बुलराजू के साथ एक अन्य आरोपी शुभम सोनकर के विरुद्ध थाना बरेला में अपराध क्रमांक 328/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है। ..../ ईएमएस / 30 मई 2026