क्षेत्रीय
30-May-2026
...


- मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने दिलाई शपथ, संगोष्ठी में हानिकारक प्रभावों पर हुई चर्चा इंदौर (ईएमएस)। दुनिया भर में लोगों को तम्बाकू सेवन से रोकने और इससे होने वाले शारीरिक व आर्थिक नुकसान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 31 मई को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष इस दिवस की मुख्य थीम निकोटिन और तम्बाकू की लत का आकर्षण बेनकाब करें निर्धारित की गई है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न जागरूक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वर्तमान दौर में बच्चे और युवा तम्बाकू उत्पादों के प्रति क्यों आकर्षित हो रहे हैं, यह समाज के लिए एक अत्यंत चिंतनीय विषय है। विशेषज्ञों के अनुसार, इसका मुख्य कारण ग्लेमराइज्ड मार्केटिंग है, जिसमें विभिन्न सेलीब्रिटीज़ द्वारा अप्रत्यक्ष रूप से इन उत्पादों का प्रचार-प्रसार किया जाता है। इसके अलावा, तम्बाकू उत्पादनों को बेहद आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जाता है और बाजार में विभिन्न स्वादों (फ्लेवर्स) में इनकी उपलब्धता युवाओं को जाल में फंसाती है। - भ्रामक प्रचार और डिजाइन से बढ़ता आकर्षण चिंता की बात यह है कि प्रतिबंधित ई-सिगरेट उत्पादों को बीड़ी या सिगरेट से कम हानिकारक बताकर एक स्वस्थ विकल्प के रूप में पेश किया जाता है। इन उत्पादों की डिजाइन इतनी भ्रामक होती है कि कुछ तम्बाकू उत्पाद मिठाई, केंडी और यहाँ तक कि कार्टून चरित्रों की नकल करते हैं, जिससे बच्चे स्वाभाविक रूप से इनकी ओर आकर्षित हो जाते हैं। तम्बाकू उत्पादों में मिलाए गए कूलेंट्स और एडिटिव्स जैसे तत्व इनके निरंतर उपयोग को बढ़ाने में सहायक होते हैं, जिससे व्यक्ति इनका आदी हो जाता है और चाहकर भी तम्बाकू छोड़ने की संभावना कम हो जाती है। :: सादी पैकिंग और प्रतिबंध की जरूरत :: इस गंभीर समस्या से बचने के लिए बच्चों, युवाओं और आम जनता को तम्बाकू उत्पादों के इस अप्रत्यक्ष भ्रामक प्रचार-प्रसार व आकर्षण से अवगत कराना होगा। इसके साथ ही विभिन्न स्वादों में उपलब्ध तम्बाकू उत्पादों पर कड़ा प्रतिबंध लगाने और तम्बाकू उत्पादों की प्लेन सादी पैकिंग करने की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा है। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने उपस्थित जनों और स्वास्थ्य कर्मियों को तम्बाकू निषेध की शपथ दिलवाई। इसके साथ ही एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें तम्बाकू उत्पादों के नियमित प्रयोग से मानव शरीर पर होने वाले जानलेवा व हानिकारक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रकाश/30 मई 2025