राज्य
30-May-2026


-भारतीय किसान यूनियन (भानु) के कृष्णकांत रावत व अन्य हाथरस (ईएमएस)। जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और विभिन्न जनहितकारी मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) द्वारा 2 जून, मंगलवार से तालाब चौराहा, हाथरस पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष (व्यापार प्रकोष्ठ) कृष्णकांत रावत ‘चमरुआ चाले’ के नेतृत्व में होने वाले इस आंदोलन की घोषणा एक प्रेस वार्ता के दौरान की गई।प्रेस वार्ता में बताया गया कि संगठन लंबे समय से जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग कर रहा है, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण धरना-प्रदर्शन का निर्णय लिया गया है। प्रमुख मांगों में हाथरस मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर उसे संचालित करना, जिला अस्पताल की इमरजेंसी सेवाओं को सुदृढ़ बनाना, करोड़ों रुपये की लागत से खरीदे गए वेंटिलेटरों को तत्काल चालू करना तथा बागला जिला अस्पताल में 24 घंटे सरकारी मेडिकल स्टोर की सुविधा उपलब्ध कराना शामिल है।इसके अलावा जिला अस्पताल में एमआरआई जांच सुविधा शुरू करने, सीटी स्कैन केंद्र पर दोपहर 2 बजे के बाद भी चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, डायलिसिस सेंटर में हेपेटाइटिस-बी संक्रमित मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था करने तथा नशा मुक्ति केंद्र में स्वीकृत बजट और सुविधाओं के अनुरूप चौबीसों घंटे स्टाफ तैनात करने की मांग उठाई गई है।संगठन ने दिव्यांगजनों की जांच के लिए उपलब्ध मशीनों का उपयोग सुनिश्चित करते हुए उन्हें बाहर रेफर करने की प्रक्रिया बंद करने, ग्रामीण क्षेत्रों के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे मेडिकल स्टोर संचालित करने तथा बागला अस्पताल एवं सीएचसी केंद्रों से मरीजों को आयुष्मान कार्ड के नाम पर निजी अस्पतालों में भेजे जाने के मामलों की जांच कराने की भी मांग की है।धरना-प्रदर्शन की अन्य मांगों में जिला अस्पताल के अल्ट्रासाउंड केंद्र पर पर्चा वितरण का समय बढ़ाना तथा भीड़ न होने की स्थिति में सुबह 8-9 बजे के बाद पर्चे बंद करने की व्यवस्था समाप्त करना शामिल है।प्रेस वार्ता में प्रवीण खंडेलवाल, मदन मोहन गौड़, रवि चौहान, सुनील अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, सुमित वाष्णेय, ऋषि, योगेश वाष्णेय, संदीप ठाकुर, छोटू राणा, मोहित चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 30 मई 2026