राज्य
30-May-2026


--श्रीमद् भागवत कथा रस वर्षा करते कथा व्यास हाथरस (ईएमएस)। क्षेत्र के गांव दरकौला में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। कथा व्यास संतोष भारद्वाज ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व का वर्णन करते हुए इसे मोक्ष प्राप्ति का सबसे सुलभ और सीधा मार्ग बताया।शनिवार को आयोजित कथा में संतोष भारद्वाज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण करने मात्र से जीव का कल्याण होता है। कलयुग में भटकाव से बचने और जीवन को सही दिशा देने का सबसे सरल साधन भगवान की कथा है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत साक्षात भगवान श्रीकृष्ण का वाङ्मय स्वरूप है, जिसके स्मरण और श्रवण से जन्म-जन्मांतर के पापों का नाश होता है।कथा के दौरान उन्होंने कहा कि संसार के सभी रिश्ते, वैभव और धन-दौलत यहीं रह जाते हैं, जबकि परमात्मा का नाम ही जीव के साथ परलोक तक जाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में संतों का सानिध्य प्राप्त करने और नियमित रूप से हरि कथा सुनने का आह्वान किया। उनका कहना था कि जब तक जीवन में संतों की कृपा और भगवान की कथा का श्रवण नहीं होता, तब तक अज्ञानता का अंधकार दूर नहीं हो सकता।कथा के मुख्य यजमान के रूप में राजा परीक्षित बने सुनील कुमार सिंह एवं रेखा सिंह ने यज्ञाचार्य विनोद पाठक और निशा पाठक के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र पोथी तथा व्यास पीठ का विधि-विधान से पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।इस अवसर पर धर्मपाल सिंह, सुरेंद्र, सौरव, भरत, जगत, शेखर, चटन, विनय, अनुज, कान्हा ठाकुर, हरपाल सिंह, विरजेश, उपेंद्र सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कथा के समापन पर आरती हुई तथा सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 30 मई 2026