-स्थलीय निरीक्षण करते जिलाधिकारी अतुल वत्स हाथरस (ईएमएस)। आगामी वर्षा ऋतु के दौरान नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने शनिवार को नगर पालिका परिषद क्षेत्र का भ्रमण कर नालों की चल रही सिल्ट सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सफाई कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नालों की सफाई से निकलने वाली सिल्ट और मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य के साथ-साथ निकाले गए कूड़े और मलबे का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और सड़कों को नुकसान से बचाया जा सके।जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन आगामी मानसून को देखते हुए जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है। नगर क्षेत्र के ड्रेनेज प्लान की समीक्षा पहले ही की जा चुकी है और नगर पालिका द्वारा उसके अनुरूप कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में थर्ड पार्टी एजेंसी के माध्यम से विशेष सफाई अभियान शुरू कराया गया है, जिसकी गुणवत्ता और प्रगति का निरीक्षण करने के लिए वह स्वयं मौके पर पहुंचे हैं।निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालों से निकाली गई सिल्ट सड़क किनारे पड़ी मिली, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अधिशासी अधिकारी को तत्काल मलबा हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा में मलबा हटाने की जिम्मेदारी दी गई है और इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा।जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र के दुकानदारों और व्यापारियों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील करते हुए कहा कि सड़कों और नालों के किनारे किए गए अतिक्रमण तथा अवैध पार्किंग जल निकासी व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करते हैं। यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन विशेष अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई करेगा।इसके बाद जिलाधिकारी ने मुरसान गेट स्थित सीवेज पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्हें बताया गया कि इस पंपिंग स्टेशन पर वार्ड संख्या 12, 30 और 31 का वर्षा जल एवं अपशिष्ट जल एकत्रित होता है, जिसे पंपों के माध्यम से नाले में प्रवाहित किया जाता है। जिलाधिकारी ने पंपिंग स्टेशन की क्षमता, कार्यप्रणाली और मानसून के दौरान निर्बाध संचालन की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हाथरस सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 30 मई 2026