राज्य
30-May-2026
...


:: सूने इलाकों में घूम रहे थे आरोपी, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस के पुराने मामले हैं दर्ज :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में अपराधों पर नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए इंदौर पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आयुक्त के निर्देशों पर लसुड़िया थाना क्षेत्र में लगातार रात्रिकालीन गश्त की जा रही है। इसी कड़ी में लसुड़िया थाने की दो अलग-अलग एफआरवी (फर्स्ट रिस्पॉन्स व्हीकल) के जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए दो शातिर बदमाशों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान एफआरवी-16 और एफआरवी-18 के जवानों ने सूने स्थानों पर संदिग्ध रूप से घूम रहे दो युवकों को देखा। घेराबंदी कर जब उनकी तलाशी ली गई, तो अरंडिया बायपास और महालक्ष्मी नगर क्षेत्र से इन्हें दबोचा गया। पुलिस ने बापू गांधी नगर निवासी अजय जाधव और स्कीम नंबर 78 निवासी जतिन शिंदे के कब्जे से धारदार अवैध चाकू बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। :: थानों में दर्ज है पुराना आपराधिक रिकॉर्ड :: पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपी अजय जाधव के खिलाफ पूर्व में थाना हीरानगर में चोरी और गृहभेदन (अपराध क्रमांक 83/24) तथा थाना लसुड़िया में आर्म्स एक्ट (अपराध क्रमांक 681/25) का मामला दर्ज है। इसी तरह, दूसरे आरोपी जतिन शिंदे के खिलाफ थाना खजराना में एनडीपीएस एक्ट के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी का मामला (अपराध क्रमांक 1571/25) दर्ज पाया गया है। रात के अंधेरे में वारदात की नीयत से घूम रहे इन बदमाशों को पकड़ने में एफआरवी के जवानों की सतर्कता की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है। प्रकाश/30 मई 2026