राज्य
30-May-2026
...


:: आरोपी के खौफ से सहमी मासूम ने मां को बताई आपबीती, पूर्व में साली से भी कर चुका है दुराचार :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के हीरा नगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों को तार-तार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक सौतेले पिता ने घर के भीतर ही अपनी 12 वर्षीय नाबालिग सौतेली बेटी को अपनी बदनीयती का शिकार बनाते हुए उसके साथ गंभीर छेड़छाड़ की। मासूम की शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए हीरा नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में यह सच भी सामने आया है कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी इस तरह की वारदात को अंजाम दे चुका है। हीरा नगर पुलिस के अनुसार, पीड़ित नाबालिग लड़की अपनी सगी मां के साथ डरी-सहमी स्थिति में थाने पहुंची थी। पुलिस द्वारा की गई काउंसलिंग के बाद बच्ची ने बताया कि बीते 26 मई की रात जब वह घर पर थी, तब उसके सौतेले पिता ने उसके साथ गंदी हरकतें और छेड़छाड़ की। जब मासूम ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसे मुंह बंद रखने की हिदायत देते हुए किसी को भी बताने पर जान से मारने की सीधे तौर पर धमकी दी। आरोपी के खौफ से सहमी बच्ची ने हिम्मत जुटाकर पूरी आपबीती अपनी मां को सुनाई, जिसके बाद मां बिना वक्त गंवाए अपनी बेटी को लेकर थाने पहुंची। :: बाणगंगा थाने में भी दर्ज है पुराना आपराधिक रिकॉर्ड :: पीड़ित बच्ची की मां ने पुलिस के सामने एक और हैरान करने वाला खुलासा किया है। महिला के मुताबिक, उसका आरोपी पति पहले भी अपनी मर्यादाएं लांघ चुका है। इससे पूर्व वह बाणगंगा थाना क्षेत्र में अपनी ही सगी साली के साथ भी ऐसी ही घिनौनी हरकत कर चुका है। इस संबंध में बाणगंगा थाने में पहले से ही गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है और वर्तमान में कोर्ट में विचारणीय है। हीरा नगर पुलिस ने दोनों मामलों को संज्ञान में लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें रवाना कर दी हैं, जो उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। :: गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दे रही हैं दबिश :: इस पूरे संवेदनशील मामले को लेकर एडिशनल डीसीपी महिला अपराध एवं सुरक्षा प्रियंका डुडवे ने बताया कि 12 वर्षीय नाबालिग पीड़िता और उसकी मां की शिकायत पर आरोपी सौतेले पिता के खिलाफ थाना हीरा नगर में सुसंगत धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसे केस डायरी में शामिल किया जा रहा है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। प्रकाश/30 मई 2026