मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य समाप्त उपायुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी हीरेन्द्र सिंह कुशवाह ने 85 वार्डों में भ्रमण कर कार्य की गुणवत्ता को परखा और वी.सी. के माध्यम से समीक्षा भी की नगर निगम सीमा के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित डाटा सी.एम.एम.एस. पोर्टल पर किया अपलोड भोपाल(ईएमएस)। भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। नगर निगम सीमा अंतर्गत 21 चार्ज क्षेत्रों के अंतर्गत 03 हजार 285 गणना ब्लाकों में आने वाले सभी मकानों का सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रगणकों ने समाप्त कर लिया। निगम सीमा में एकत्र डाटा सी.एम.एम.एस. पोर्टल पर अपलोड भी कर दिया गया है। निगम के उपायुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी हीरेन्द्र सिंह कुशवाह ने अन्य अधिकारियों के साथ निगम सीमा के अंतर्गत सभी 85 वार्डों में भ्रमण कर मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की गुणवत्ता की जांच की और वी.सी. के माध्यम से समस्त चार्ज क्षेत्रों में उपरोक्त कार्यों की समीक्षा भी की। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण में गत 01 मई 2026 से प्रारंभ हुआ मकानों का सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य शनिवार, 30 मई 2026 को समाप्त हो गया। इस दौरान निगम सीमा अंतर्गत 21 जोन क्षेत्रों को चार्ज क्षेत्र बनाते हुए सभी 85 वार्डों में 03 हजार 285 गणना ब्लाकों में प्रगणकों द्वारा विशेष रूचि लेकर लगन एवं निष्ठा के साथ समय सीमा में कार्य समाप्त कर लिया गया है। निगम आयुक्त व प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर उपायुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी हीरेन्द्र सिंह कुशवाह ने समस्त वार्ड क्षेत्रों का भ्रमण कर कार्य की गुणवत्ता को परखा और वी.सी. के माध्यम से समस्त जोनल/चार्ज अधिकारियों के साथ मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की समीक्षा भी की। नगर निगम सीमा क्षेत्र में एकत्र डाटा सी.एम.एम.एस. पोर्टल पर अपलोड भी कर दिया गया है। भ्रमण के दौरान उपायुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी हीरेन्द्र सिंह कुशवाह के साथ जनगणना निदेशालय के डिस्ट्रिक इंचार्ज मनोज सैनी व राहुल सैनी, मास्टर ट्रेनरद्वय सुरेन्द्र रधुवंशी व मुकेश नापित भी उपस्थित रहे। हरि प्रसाद पाल /30 मई, 2026