राष्ट्रीय
31-May-2026
...


-नियामतपुर में कार्यकर्ताओं ने निकाला विरोध मार्च कोलकाता,(ईएमएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। घटना के विरोध में राज्य के विभिन्न हिस्सों में टीएमसी कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में पश्चिम बर्धमान जिले के कुल्टी ब्लॉक अंतर्गत नियामतपुर क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। नियामतपुर के न्यू रोड इलाके में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में टीएमसी नेता, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोधियों द्वारा लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। टीएमसी नेताओं का आरोप है कि इस प्रकार की घटनाओं के जरिए पार्टी को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कार्यकर्ता इससे पीछे हटने वाले नहीं हैं। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए आसनसोल-बराकर जीटी रोड पर यातायात बाधित रहा। प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाते हुए सड़क पर धरना दिया और विरोध जताया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा टायर जलाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इसे लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। हालांकि बाद में स्थिति नियंत्रण में रही और किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। विरोध मार्च निकाला इसके बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं ने नियामतपुर न्यू रोड से नियामतपुर मोड़ तक विरोध मार्च निकाला। मार्च के दौरान अभिषेक बनर्जी के समर्थन में नारे लगाए गए और पार्टी नेतृत्व के प्रति एकजुटता प्रदर्शित की गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। हिदायत/ईएमएस 31मई26