पटना, (ईएमएस)। बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम को भवन निर्माण विभाग ने 11 मई 2026 को ही 21 हार्डिंग रोड का आवास आवंटित किया था। यह बात समझ से परे है कि उस आवंटित आवास में नंदकिशोर राम जी क्यों नहीं गए और जब आवास बदल गए तो उन्हें यह बयान देना चाहिए था की आखिर बार-बार राज्य सरकार और भवन निर्माण विभाग उनके आवास को बदलकर क्यों उन्हें परेशान कर रही है और एक दलित समाज का क्यों अपमान कर रही है? इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा जो आवास आवंटन के संबंध में विभागीय आदेश जारी की गई है उसकी कॉपी संलग्न करते हुए एजाज ने आगे पूछा कि मंत्री नंदकिशोर राम ने राजनीति नैरेटिव सेट करने के लिए सरकार के इशारे पर इस तरह का बयान क्यों दिया , जो कहीं से भी उचित नहीं है। इस तरह का वक्तव्य मंत्री नंदकिशोर रामजी के द्वारा दिया जाना स्पष्ट करता है की सरकार में बैठे हुए लोग बदनाम करने के नीयत से और माहौल बनाने के लिए 10 सर्कुलर रोड को मंत्री नंदकिशोर राम के नाम से आवंटित किया । और उनसे इस तरह का वक्तव्य देने के लिए उन्हें मजबूर किया। ज्ञात हो कि 27 मई को दस सर्कुलर रोड के एलॉटमेंट नंदकिशोर राम जी के नाम किया गया तो 30 मई को उन्होंने किसके इशारे पर इस तरह का बयान देना क्यों शुरू किया,जबकि उनको पहले से ही 11 मई 2026 को 21 हार्डिंग रोड आवास आवंटित किया गया था। बिहार में एनडीए सरकार की दोहरी राजनीति का पोल खुल चुका है और सरकार में बैठे हुए लोग ही दलित समाज के मंत्री को अपमानित कर रहे हैं यह तो अब सामने आ गया। एजाज ने मंत्री नंदकिशोर राम से अविलंब स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है,क्योंकि उनके बयान से विरोधाभास की राजनीति स्पष्ट होती है। और नैरेटिव की राजनीति स्पष्ट करती है। बिहार सरकार अविलंब 10 सर्कुलर रोड को पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बिहार विधान परिषद के राबड़ी देवी के नाम से आवंटित करके बदले की भावना और नैरेटिव सेट करने की राजनीति को समाप्त करे। संतोष झा- ३१ मई/२०२६/ईएमएस