पटना, (ईएमएस)। जद (यू) के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद निषाद ने जारी बयान में कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति देने और राज्य को निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। नीतीश कुमार द्वारा विकसित बिहार और औद्योगिक बिहार की जो परिकल्पना की गई थी, उसे आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी की अगुवाई वाली राज्य की वर्तमान सरकार दृढ़़ संकल्पित होकर काम कर रही है। माननीय नीतीश कुमार की सोच के अनुरूप उद्योग, निवेश और रोजगार सृजन को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में नई संभावनाओं का विस्तार किया जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में बिहार में औद्योगिक माहौल को बेहतर बनाने, निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण नीतिगत फैसले लिए गए हैं। इसका सकारात्मक परिणाम यह है कि राज्य के विभिन्न जिलों में नए उद्योग स्थापित करने को लेकर सहमति बनी है तथा अनेक कंपनियों ने बिहार में निवेश करने और अपने उत्पादन इकाइयों की स्थापना का निर्णय लिया है। इससे न केवल औद्योगिक गतिविधियों में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। राज्य सरकार की स्पष्ट नीति है कि बिहार के युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार और स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से औद्योगिक क्षेत्रों का विस्तार, निवेश प्रक्रियाओं का सरलीकरण, बेहतर कनेक्टिविटी और आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। सरकार की इन पहलों के कारण निवेशकों का भरोसा बिहार पर लगातार बढ़़ रहा है और राज्य राष्ट्रीय स्तर पर एक उभरते हुए औद्योगिक गंतव्य के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। औद्योगिक विकास ही बिहार की आर्थिक प्रगति और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदम आने वाले वर्षों में बिहार को औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और इसका लाभ राज्य के प्रत्येक क्षेत्र तथा हर वर्ग के लोगों तक पहुंचेगा। संतोष झा- ३१ मई/२०२६/ईएमएस